काशीपुर, 07 फरवरी 2026।
नगर निगम काशीपुर के महापौर के रूप में एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को नगर निगम सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने बीते एक साल की उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन, सहयोग और आशीर्वाद से काशीपुर नगर निगम ने विकास की नई इबारत लिखी है।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि 7 फरवरी 2025 से 7 फरवरी 2026 के बीच नगर निगम ने सेवा, विकास और विश्वास के मंत्र के साथ शहर को आधुनिक, स्वच्छ और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस व परिणामकारी कदम उठाए। उन्होंने विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए आमजन, मीडिया तथा आईजीएल और नैनी पेपर मिल जैसी औद्योगिक इकाइयों का आभार व्यक्त किया।

121 करोड़ के विकास कार्य, 792 सड़कें धरातल पर
महापौर ने बताया कि एक वर्ष की अवधि में नगर निगम काशीपुर द्वारा 121 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए, जबकि 792 सड़कों का निर्माण एवं सुधार कार्य पूर्ण किया गया। इसके अलावा कई बड़ी परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि काशीपुर विकास की जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उसका श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच को जाता है।
आवास, रोजगार और नागरिक सुविधाओं पर फोकस
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 1139 पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया, जबकि पीएमएवाई (शहरी) 2.0 में आवेदनों की संख्या में 78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यापारियों को ऋण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया।
नागरिक सुविधाओं के अंतर्गत शहर में हाई-टेक शौचालय, महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट, 5000 नई स्ट्रीट लाइट, तीन नए बस स्टॉप तथा संपत्ति दाखिल-खारिज शुल्क में राहत जैसे जनहितकारी निर्णय लिए गए।

स्वास्थ्य और पशु कल्याण में भी उल्लेखनीय कार्य
महापौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित पांच आरोग्य केंद्रों के माध्यम से अब तक लगभग 3700 नागरिकों को परामर्श, दवाइयां और चिकित्सा सुविधाएं दी जा चुकी हैं।
वहीं एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के माध्यम से 1612 निराश्रित कुत्तों का उपचार और टीकाकरण किया गया।
स्वच्छता में नई पहचान
स्वच्छता अभियान पर जोर देते हुए महापौर दीपक बाली ने कहा कि घर-घर कचरा संग्रह, गीला-सूखा डस्टबिन वितरण, 40 हजार मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण और दोनों सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पूर्ण संचालन से शहर की स्वच्छता और पर्यावरण में बड़ा सुधार हुआ है।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और मजबूत बनाने के लिए AI आधारित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, GPS और RFID तकनीक लागू की गई है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों के सहयोग से काशीपुर अब पांडिचेरी के बाद देश का दूसरा शहर बन गया है, जहां रात 3 बजे तक सफाई कार्य किया जाता है।
भविष्य की बड़ी योजनाएं
महापौर ने बताया कि आगामी समय में 8 चौराहों का सौंदर्यीकरण, हाई-टेक मार्केट, नगर निगम कॉम्प्लेक्स, वेंडिंग जोन, डॉग शेल्टर, गिरिताल झील परियोजना, ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन और शहरी हरित क्षेत्रों के विकास जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें CSR के माध्यम से एक करोड़ रुपये से अधिक की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
जनभागीदारी से होगा शहर का विकास
महापौर दीपक बाली ने नागरिकों से स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और जनभागीदारी की अपील करते हुए कहा कि काशीपुर का विकास केवल नगर निगम का नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में काशीपुर उत्तराखंड के सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकसित शहरों में अपनी पहचान बनाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने सराहा कार्यकाल
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल और विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने नगर निगम की उपलब्धियों की सराहना करते हुए महापौर दीपक बाली और नगर निगम की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
नगर निगम कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा ने एक वर्ष की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महापौर का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन राजस्व एवं कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड ने किया। इससे पूर्व महापौर ने वार्ड 25 के दिवंगत पार्षद शरीफ सिद्दीकी को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा।
कार्यक्रम में महापौर सहित सभी पार्षदों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पहाड़ से मैदान में आए सुनील कुमार द्वारा विकास कार्यों पर आधारित गीत प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
