काशीपुर। कोतवाली काशीपुर पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी का परिचय देते हुए साइकिल चोरी की घटना का खुलासा 24 घंटे से भी कम समय में कर दिया। पुलिस ने शातिर चोर को चोरी की साइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 7 फरवरी 2026 को वादी मुकदमा दीवान सिंह पुत्र बुध सिंह, निवासी गूलरभोजी थाना जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर द्वारा अपनी साइकिल चोरी होने की तहरीर कोतवाली काशीपुर में दी गई थी। तहरीर के आधार पर FIR संख्या 43/2026, धारा 303(2) के तहत अज्ञात चोर के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल सुरागरसी-पतारसी शुरू की और घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान कर उसे 24 घंटे से कम समय में चोरी की साइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोसिन पुत्र मोहम्मद निसार, निवासी वार्ड नंबर 23, अली खां, हबीबमान होटल के पास, काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त शातिर किस्म का चोर है, जिसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद तथा थाना कुंडा, ऊधम सिंह नगर में पूर्व से चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
🔍 अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
- FIR संख्या 500/22 – धारा 379/411 IPC
- FIR संख्या 184/24 – धारा 379/411 IPC
- FIR संख्या 133/2024 – धारा 379/411 IPC
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। काशीपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
