काशीपुर, 10 फरवरी 2026।
काशीपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ढेला पुल पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीष कुमार पाल पुत्र स्वर्गीय रमेश पाल, निवासी टीचर कॉलोनी, महेशपुर, कोतवाली काशीपुर, मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे मोटरसाइकिल से सर्वारखेड़ा से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह ढेला पुल के बीच पहुंचे, तभी काशीपुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन का चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के कारण ढीला पुल मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर लगा जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि मृतक के माता-पिता का पहले ही स्वर्गवास हो चुका है, जबकि उसकी पत्नी इस समय अपने मायके गई हुई थीं। घटना की सूचना पुलिस ने फोन के माध्यम से मृतक की पत्नी को दे दी है। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आमजन से भी अपील की गई है कि यदि किसी के पास दुर्घटना से संबंधित कोई जानकारी हो, तो पुलिस को अवगत कराएं।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
