काशीपुर, 10 फरवरी 2026।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारी में जुटी हुई है। संगठन स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और 2027 में कांग्रेस निश्चित रूप से जीत हासिल करेगी।
कांग्रेस पूरी ताकत से 2027 की तैयारी में: हरीश रावत

मीडिया से बातचीत के दौरान हरीश रावत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार की भूमिका संदिग्ध रही है और मुख्यमंत्री आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को दबने नहीं देगी और न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।
हरीश रावत ने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी आगामी 16 फरवरी को देहरादून में राज्य भवन घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, महिला उत्पीड़न और प्रदेश में बढ़ते अपराधों के खिलाफ यह आंदोलन किया जाएगा। संगठन स्तर पर इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे।
अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने भले ही सीबीआई जांच की अनुमति दे दी हो, लेकिन जांच की निष्पक्षता पर उन्हें संदेह है। उनका कहना था कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के जजों की निगरानी में या जजों की विशेष टीम से कराई जानी चाहिए, तभी सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के चेहरे से नकाब हटेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और जनता अब जवाब चाहती है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर हर मुद्दे पर संघर्ष करेगी।
इस मौके पर प्रदेश सचिव अरुण चौहान,ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस राजू छीना, अर्पित मेहरोत्रा, त्रिलोक सिंह अधिकारी,जय सिंह गौतम,उमेश जोशी, मनोज जोशी समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
