oplus_0
काशीपुर। 21 फरवरी 2026 नशे के बढ़ते प्रचलन और उससे जुड़ते अपराधों पर लगाम कसने के लिए काशीपुर कोतवाली पुलिस ने सख्त लेकिन सुधारात्मक कदम उठाया। “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” अभियान के तहत कटोराताल चौकी में नशे के आदी युवकों को बुलाकर जागरूक किया गया और भविष्य में अपराध से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई।

कोतवाली काशीपुर क्षेत्र अंतर्गत कटोराताल चौकी में चौकी प्रभारी कौशल भाकुनी के नेतृत्व में कांस्टेबल प्रेम कंवल और गिरीश मठपाल की मौजूदगी में दर्जनों युवकों को एकत्रित किया गया। पुलिस ने युवाओं को नशीली दवाओं और अन्य प्रकार के नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा नशा छोड़ने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
चौकी प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि भविष्य और परिवार दोनों को बर्बाद करता है। उन्होंने युवकों को समझाया कि नशे की लत अक्सर चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की जड़ बनती है। यदि कोई युवक नशे की हालत में किसी भी प्रकार की आपराधिक वारदात में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस ने युवाओं को परामर्श दिया कि वे नशा मुक्ति केंद्रों से संपर्क करें, सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें और परिवार का सहयोग लें। साथ ही यह भी कहा गया कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को अपराध की राह पर जाने से पहले सही दिशा देना है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है। क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी को देखते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।
काशीपुर पुलिस का यह संदेश साफ है—नशा छोड़े, नहीं तो कानून का शिकंजा कसने में देर नहीं लगेगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
