काशीपुर। 28 फरवरी 2026 नगर निगम प्रांगण में रविवार, 1 मार्च को होली मिलन समारोह ‘रंगोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
नगर निगम महापौर ने शनिवार दोपहर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह काशीपुर के इतिहास में पहला अवसर होगा जब कोई मुख्यमंत्री आमजन के बीच उपस्थित रहकर होली मिलन समारोह में प्रतिभाग करेंगे और लोगों के साथ होली का उत्सव मनाएंगे।

मीडिया से बातचीत में महापौर ने बताया कि रंगोत्सव कार्यक्रम प्रातः 11 बजे आरंभ होगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक-संस्कृति को आगे बढ़ाने वाले लोक गायक इंद्र आर्या, गोविंद दिगारी और खुशी जोशी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा पूर्वांचल के गायक आलोक कुमार भी अपनी गायकी से समां बांधेंगे। ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध रास कलाकार फूलों की होली की मनोहारी प्रस्तुति देंगे।
महापौर ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में नगर निगम प्रांगण पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि निजी स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां पिछले कई दिनों से की जा रही हैं। मुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और लोग कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
