काशीपुर। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली आईटीआई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कच्ची शराब बनाने की भट्टी और उपकरण बरामद करते हुए करीब 3000 लीटर लहन नष्ट कर दिया तथा 21 लीटर कच्ची शराब जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद उधम सिंह नगर के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर/बाजपुर के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरखेड़ी में बहेला नदी के किनारे अवैध कच्ची शराब बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां अभियुक्त सुच्चा सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम छोटी बरखेड़ी कोतवाली आईटीआई जनपद उधम सिंह नगर को कच्ची शराब बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया।
मौके से पुलिस ने कच्ची शराब बनाने के उपकरण, दो लोहे के ड्रम, चार प्लास्टिक पाइप, दो एल्यूमिनियम के चौकोर पाइप और दो प्लास्टिक के पीले जार बरामद किए। इसके अलावा लगभग 21 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई, जबकि मौके पर तैयार किए जा रहे करीब 3000 लीटर लहन को नष्ट कर दिया गया।
इस मामले में कोतवाली आईटीआई में मु0अ0सं0 70/2026 धारा 60(1)/60(2) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
इधर लगातार सामने आ रही अवैध कच्ची शराब की भट्टियों और पुलिस की कार्रवाई के बीच आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। क्षेत्र में आए दिन कच्ची शराब बनाने और बेचने के मामले पकड़े जा रहे हैं, लेकिन इन पर कार्रवाई करते हुए केवल पुलिस ही नजर आ रही है, जबकि आबकारी विभाग के अधिकारी इस पूरे मामले में मौन साधे हुए दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आबकारी विभाग भी सक्रिय होकर नियमित छापेमारी करे तो अवैध शराब के कारोबार पर और प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या अवैध शराब के खिलाफ पूरी जिम्मेदारी सिर्फ पुलिस ही निभाएगी, या फिर आबकारी विभाग भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मैदान में उतरेगा।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
अपर उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, कांस्टेबल बलवंत सिंह, कांस्टेबल योगेश पांडे और कांस्टेबल रमेश बांग्याल।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
