oplus_0
काशीपुर। 12 मार्च 2026 बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के बीच घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। पुलिस प्रशासन की पहल पर काशीपुर स्टोन क्रशर संगठन ने कुंडेश्वरी पुलिस को एक एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। इस एंबुलेंस के संचालन और रखरखाव का पूरा खर्च काशीपुर स्टोन क्रशर संगठन द्वारा उठाया जाएगा।

एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कई बार घायल लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो जाती है। ऐसे में यह एंबुलेंस सेवा दुर्घटना पीड़ितों को जल्द अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस एंबुलेंस की खास बात यह है कि इसमें हर समय एक डॉक्टर की तैनाती भी रहेगी, ताकि रास्ते में ही घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार मिल सके और उसकी जान बचाने में मदद मिल सके। सड़क हादसों में ‘गोल्डन आवर’ बेहद अहम होता है और उसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।

पुलिस प्रशासन और काशीपुर स्टोन क्रशर संगठन की यह संयुक्त पहल समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी देती है कि प्रशासन और सामाजिक संगठन मिलकर काम करें तो जनहित के बड़े कार्य संभव हो सकते हैं। यह सेवा निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।

इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी, निरीक्षक नरेश चौहान, चौकी प्रभारी सहित समस्त पुलिस कांस्टेबल एवं काशीपुर स्टोन क्रशर संगठन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को मानवता की सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
