काशीपुर। 11 June 2021 युवक को सोशल मीडिया पर युवती बनकर झांसे में लेकर बाइक लूटने के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई बाइक को बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपितों का संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश किया है।
ठाकुरद्वारा निवासी मोहम्मद इकराम पुत्र अलीमुद्दीन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी शेयरचेट सोशल मीडिया पर पायल नामक लड़की से दोस्ती हुई थी। इस दौरान पायल ने उसे 8 मई की शाम बाजपुर रोड आईजीएल तिराहे से पहले मोड़ पर बुलाया। जिस पर वह अपने तहेरे भाई के साथ बाइक सं. यूपी21बीपी-4701 से वहां पहुचा तो इस दौरान बाइक सवार तीन लोग वहां पहुचे और उसके व उसके भाई के साथ मारपीट कर उसकी बाइक लूट कर फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।

अपर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने घटना के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज व पायल के मोबाइल नम्बर की काॅल डिटेल के आधार पर व मुखबिर की सूचना पर प्रकाश सिटी रोड पर खोखरा मंदिर के पास से दो मोटर साइकिलों पर आ रहे खड़कपुर देवीपुरा निवासी अर्जुन पुत्र गुड्डू, आकाश पुत्र महेन्द्र सिंह, आलू फार्म निवासी आजम रजा पुत्र लियाकत मियां व एक नाबालिग को गिरफ्तार कर जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि पैसों के लालच में योजना के तहत आजम रजा ने पायल बनकर मोहम्मद इकराम को काशीपुर बुलाया तथा उन्होंने उसकी बाइक लूट ली। इस दौरान पायल उर्फ आजम रजा वहीं झाड़ियों में छुपा हुआ था। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर लूटी गई बाइक को भी बरामद कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपितों का संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस टीम में सीओ अक्षय प्रहलाद कोंडे, आईटीआई थानाध्यक्ष विद्यादत्त जोशी, एसआई कपिल काम्बोज, प्रदीप भट्ट, महिला एसआई नीलम मेहता, कां. बलवंत सिंह, महेन्द्र नयाल, उमेश तोमक्याल, कमलपाल, कैलाश सिंह व एसओजी के कां. कैलाश तोमक्याल शामिल रहे।


सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
