काशीपुर। 15 मार्च 2026
उत्तराखंड की सियासत और पुलिस महकमे में लंबे समय से चर्चा का विषय बना अनूप अग्रवाल उर्फ लाला प्रकरण रविवार को उस समय फिर सुर्खियों में आ गया, जब अनूप अग्रवाल अचानक अपने समर्थकों और अधिवक्ताओं के साथ काशीपुर कोतवाली पहुंच गए। महीनों से गदरपुर विधायक द्वारा जिनको लेकर ‘लापता’ होने का दावा किया जा रहा था, उनकी अचानक मौजूदगी ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।

कोतवाली परिसर में अधिवक्ताओं के बड़े समूह की मौजूदगी में अनूप अग्रवाल पुलिस के समक्ष अपने बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के विधिक संरक्षण और निर्देशों के क्रम में की जा रही है, जिसे पूरे प्रकरण में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

इस मामले को लेकर विधायक अरविंद पांडे ने बताया कि उन्हें अनूप अग्रवाल का फोन आया था, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें काशीपुर कोतवाली में अपने बयान दर्ज कराने हैं। पांडे के अनुसार वह उस समय देहरादून के लिए निकल रहे थे, लेकिन सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम बदला और तुरंत काशीपुर के लिए रवाना हो गए।

विधायक पांडे ने यह भी बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष से अधिक समय से अनूप अग्रवाल अपने परिवार से दूर थे। उन्होंने कहा कि अब उनके सामने आने और पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराने से पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
अनूप अग्रवाल की अचानक कोतवाली में मौजूदगी ने जहां सियासी हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है, वहीं पूरे घटनाक्रम ने कई पुराने सवालों को भी फिर से चर्चा के केंद्र में ला खड़ा किया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आगे की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और यह मामला किस दिशा में आगे बढ़ता है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
