oplus_0
काशीपुर, 6 जून 2026। सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर कुंडा थाना पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में सूर्या चौकी पुलिस ने बॉर्डर क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
चौकी प्रभारी सोनू सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने तथा आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालन करने वाले दो दर्जन से अधिक बाइक चालकों के ऑनलाइन एवं नगद चालान किए। वहीं गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर तीन मोटरसाइकिलों के एमवी एक्ट के तहत कोर्ट चालान भी किए गए।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
क्या बोले चौकी प्रभारी सोनू सिंह
चौकी प्रभारी सोनू सिंह ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान पुलिस की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि चेकिंग के दौरान कई बार चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद हो जाती हैं, जिससे वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में मदद मिलती है। साथ ही इस तरह के अभियान अपराधियों पर निगरानी रखने और चोरी सहित अन्य आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने में भी प्रभावी साबित होते हैं।
उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल चालान से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को भी रोका जा सकता है।
पुलिस के इस अभियान को क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
