काशीपुर। 4 दिसंबर 2021 महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट संदीप सहगल ने भाजपा सांसद, विधायक व मेयर पर निशाना साधते हुए इन्हें काशीपुर के विकास का सबसे बड़ा दुश्मन बताया है। विधायक हरभजन सिंह चीमा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अपने चार बार के विधायक काल में हरभजन सिंह चीमा ने झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने के अलावा कुछ भी नहीं किया। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने पुत्र की दावेदारी कर श्री चीमा कहते नहीं थक रहे कि पुत्र भी उनके पदचिन्हों पर चलेगा। यानि, वे चाहते हैं कि जनता एक और अकर्मण्य विधायक चुनने की गलती फिर करे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज भी तमाम समस्याएं मुंहबाए खड़ी हैं,

लेकिन भाजपा विधायक इनका निस्तारण कराने की जरूरत महसूस नहीं कर रहे। सांसद को निशाने पर लेते हुए संदीप सहगल ने कहा कि काशीपुर-धामपुर रेलवे लाइन, काशीपुर-देहरादून सीधी रेल सेवा, धीमी गति से जारी फ्लाईओवर निर्माण के प्रति भाजपा सांसद अजय भट्ट कभी चिंतित नहीं दिखे तो वहीं भाजपा मेयर उषा चौधरी ने बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने को कोई ठोस कदम आज तक नहीं उठाया। स्वच्छता रैंकिंग में भारी गिरावट मेयर की निष्क्रियता का परिणाम है। काशीपुर जिला निर्माण के मुद्दे को भी विधायक व मेयर ने कभी गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि अब देश व प्रदेश के साथ ही काशीपुर भाजपा के जनप्रतिनिधियों की भी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी काशीपुर आते हैं तो जनहितैषी मुद्दों को लेकर कांग्रेस उनका घोर विरोध करेगी।


सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
