जसपुर | 31 दिसंबर 2025 राज्य सरकार की “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” पहल के अंतर्गत विकास खण्ड जसपुर के राजकीय आदर्श उच्च प्राथमिक विद्यालय, भरतपुर में आयोजित वृहद बहुउद्देशीय शिविर ने ग्रामीण जनता को बड़ी राहत दी। शिविर में जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान करते हुए सरकार की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रभावी प्रयास किया गया।

इस शिविर में न्याय पंचायत भरतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायतों सहित 2279 नागरिकों ने सहभागिता की और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का शुभारम्भ क्षेत्रीय विधायक आदेश सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

23 विभागों के स्टॉल, जनता को सीधा लाभ
बहुउद्देशीय शिविर में 23 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर आमजन की 267 शिकायतें व प्रमाण पत्र संबंधी आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से आधे से अधिक समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शिविरों के माध्यम से सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में गांव-गांव ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
“जनता को त्वरित समाधान देना सरकार की प्राथमिकता”
क्षेत्रीय विधायक आदेश सिंह चौहान ने कहा कि सरकार जनता के द्वार तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ देना चाहती है, ताकि हर पात्र व्यक्ति लाभान्वित हो सके और समस्याओं का शीघ्र समाधान हो।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में उठाई गई सभी समस्याओं का समयबद्ध और गंभीरता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि समस्या जिस स्तर की है, उसका समाधान उसी स्तर पर सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो।
महिलाओं, किसानों और श्रमिकों को विशेष लाभ
शिविर में सिंचाई, जलभराव, जल जीवन मिशन, श्रम कार्ड, विद्युत, पूर्ति, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, कौशल विकास, ग्राम्य विकास और राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनका समाधान मौके पर किया गया।

बाल विकास विभाग द्वारा
- 05 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई
- 10 महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरण
- 204 विभिन्न प्रकार के आवेदन फार्म भरवाए गए
कुल 2279 नागरिकों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंघल, सांसद प्रतिनिधि शीतल जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, ग्राम प्रधान अंकुर कुमार, हरिओम, उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदौला, खंड विकास अधिकारी कमलेश कुमार काण्डपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
???? यह शिविर प्रशासन और समाज के बीच विश्वास का सेतु बना, जहां योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर जनता के जीवन से जुड़ती दिखाई दीं।




सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
