गदरपुर/ऊधमसिंहनगर, 12 अप्रैल 2026 जनपद ऊधमसिंहनगर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को ग्राम बराखेड़ा निवासी अविश अरोरा ने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (संख्या UK06BB3002) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में थाना गदरपुर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 अप्रैल को एनएच-74 काशीपुर रोड स्थित सरदारनगर फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध बाइक सवारों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान विजय विश्वास (24 वर्ष) निवासी चन्दनगढ़, थाना दिनेशपुर और आनन्द विश्वास (25 वर्ष) निवासी मोतीपुर, थाना दिनेशपुर के रूप में हुई।
पकड़ी गई मोटरसाइकिल की जांच में वह चोरी की निकली। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों की निशानदेही पर श्मशान घाट के पास झाड़ियों से चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इस तरह पुलिस ने कुल पांच चोरी की बाइक बरामद कर ली हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहे हैं। इनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए मामले में संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएससी भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरी गैंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
