जसपुर, 7 जून 2026। गढ़ी नेगी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव की तारीख नजदीक आते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी बीच निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा भी विकास के मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में मजबूती से डटे हुए हैं। उनके समर्थक घर-घर जनसंपर्क कर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील कर रहे हैं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान अभिषेक सुखीजा ने कहा कि उनका चुनाव क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नगर पंचायत को नई पहचान दिलाने के संकल्प के साथ लड़ा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता विकास के एजेंडे को समर्थन देते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएगी।

इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर भी निशाना साधा। सुखीजा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी पूर्व में बीडीसी सदस्य रह चुके हैं, जबकि उनके परिवार को भी ग्राम पंचायत स्तर पर नेतृत्व का अवसर मिला। इसके बावजूद ग्राम पंचायत गढ़ीनेगी विकास की दौड़ में पिछड़ी रही। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब पिछले वर्षों में विकास कार्यों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा गया, तो अब नगर पंचायत के व्यापक विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
अभिषेक सुखीजा ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उन्हें विभिन्न मामलों में बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि जिन मामलों का उल्लेख किया जा रहा है, उनसे उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है तथा विकास और जनहित के मुद्दों पर ही अपना फैसला सुनाएगी।
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि आगामी 9 जून को उनके चुनाव चिन्ह “बस” के सामने मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं के क्षेत्र में प्रभावी विकास कार्य कराए जा सकें।
चुनावी माहौल में विकास बनाम दावों की राजनीति के बीच अभिषेक सुखीजा का यह हमला नगर पंचायत अध्यक्ष पद की लड़ाई को और अधिक रोचक बना रहा है। अब देखना यह होगा कि मतदाता विकास के मुद्दे को कितना महत्व देते हैं और किसके पक्ष में अपना जनादेश देते हैं।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
