oplus_0
काशीपुर। 28 जुलाई 2026 कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए 8 अगस्त को हल्द्वानी में होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा को लेकर अभियान तेज कर दिया है। काशीपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी नेताओं ने दावा किया कि यह जनसभा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तराखंड में बदलाव की दिशा तय करने वाला जनआंदोलन साबित होगी। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

काशीपुर में कांग्रेस नेताओं ने भरी हुंकार, 2027 चुनाव, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और स्थानीय समस्याओं को बनाया प्रमुख मुद्दा
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनुपम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाकर आमजन को कार्यक्रम से जोड़ रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि जनसभा में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं तथा उत्तराखंड के विकास जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उनका आरोप था कि डबल इंजन सरकार के बावजूद प्रदेश विकास की गति नहीं पकड़ सका और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाए।
अनुपम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह संगठित और एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई संगठनात्मक बैठकों में सभी वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने एकजुटता का संदेश दिया है। उनके अनुसार वर्ष 2027 का चुनाव जनता के मुद्दों और जवाबदेही का चुनाव होगा।
स्थानीय समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि काशीपुर में जलभराव, बदहाल सड़कें, अधूरे फ्लाईओवर, पेयजल, बिजली और सीवेज जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों की बदहाल स्थिति और रोजगार के घटते अवसर भी जनता की चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार गंभीर नहीं है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने कहा कि 8 अगस्त की जनसभा उत्तराखंड की राजनीति में नया संदेश देगी। उन्होंने कहा कि काशीपुर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन हल्द्वानी पहुंचेंगे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को जनसभा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
अलका पाल ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है तथा बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा देगी और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत आधार प्रदान करेगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
