काशीपुर। 4 अगस्त2026काशीपुर में एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब रोजमर्रा के एक सामान्य काम के दौरान मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में पति-पत्नी मलबे में दब गए। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसका पति अस्पताल में उपचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार, बिजनौर जनपद के थाना नगीना क्षेत्र के नेमतपुर इशकीपुरा गांव निवासी मानसिंह ने बसई हरियावाला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर कॉलेज के पास मकान बनवाया है। दो दिन पहले ही उसका छोटा भाई धर्मेंद्र अपनी पत्नी पूजा और दो मासूम बच्चों के साथ रोजगार की तलाश में काशीपुर आया था। परिवार को उम्मीद थी कि धर्मेंद्र को जल्द ही एक फैक्ट्री में काम मिल जाएगा और उनकी नई जिंदगी की शुरुआत होगी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
छज्जे पर रस्सी बांधते समय हुआ दर्दनाक हादसा,मलबे में दबा दंपति

सोमवार सुबह करीब आठ बजे धर्मेंद्र मकान के छज्जे पर कपड़े सुखाने के लिए रस्सी बांध रहा था, जबकि उसकी पत्नी पूजा नीचे बैठकर कपड़े धो रही थी। तभी अचानक छज्जा तेज धमाके के साथ भरभराकर नीचे आ गिरा। छज्जे का मलबा सीधे पूजा पर आ गिरा, जबकि धर्मेंद्र भी उसके साथ नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को मलबे से बाहर निकालकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने पूजा को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन देर शाम उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पूजा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में दो दिन पहले नए सपनों के साथ परिवार पहुंचा था, वहां अब मातम पसरा है। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया, जबकि घायल पति सदमे और दर्द से जूझ रहा है।पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
