काशीपुर। आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली कांग्रेस की महारैली को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने दावा किया कि यह महारैली उत्तराखंड की राजनीति में नया संदेश देने वाली साबित होगी। उन्होंने बताया कि काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से दो दर्जन से अधिक बसों के माध्यम से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा
अलका पाल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे इस महारैली को संबोधित करेंगे। उनके अनुसार, रैली में उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न जनसरोकारों और प्रदेश के प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बढ़ता पलायन, बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटाले, अवैध खनन और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य करन माहरा, बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
अलका पाल ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस की यह महारैली आगामी राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
