काशीपुर। ग्राम पंचायत बसई इस्लामनगर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पिछले करीब 25 से 30 वर्षों से बदहाल स्थिति में होने का मामला सामने आया है। सड़क की खराब हालत के चलते ग्रामीणों को आवागमन में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर पूर्व ग्राम प्रधानों के साथ ही वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ताहिर चौधरी द्वारा भी क्षेत्रीय स्तर पर कई बार मांग और प्रस्ताव रखे गए, लेकिन अभी तक सड़क का स्थायी निर्माण नहीं हो सका है।
25-30 साल से बदहाल मुख्य सड़क, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

सड़क की बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में स्कूली बच्चों को लेकर गांव पहुंची एक स्कूल बस खराब सड़क पर फंस गई। बस काफी देर तक सड़क पर फंसी रही। बाद में जेसीबी की मदद से बस को बाहर निकाला गया। इस दौरान बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा और वे समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके।

बताया गया है कि बसई इस्लामनगर में करीब एक हजार परिवार निवास करते हैं और ग्रामीणों के लिए यह मुख्य मार्ग आवागमन का प्रमुख साधन है। सड़क खराब होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ताहिर चौधरी ने कहा कि बसई इस्लामनगर की मुख्य सड़क लंबे समय से खराब है और यह ग्रामीणों की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर उनके द्वारा भी संबंधित जनप्रतिनिधियों के समक्ष सड़क निर्माण की मांग और प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सड़क की खराब स्थिति के कारण काफी परेशानी हो रही है। स्कूल बस के फंसने की घटना भी चिंता का विषय है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक और संबंधित विभाग से मांग की कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण की दिशा में जल्द ठोस कदम उठाया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।

बसई इस्लामनगर काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। वर्तमान में क्षेत्र के विधायक त्रिलोक सिंह चीमा हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठाए जाने के बावजूद अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

ग्रामीणों का सवाल है कि जब सड़क निर्माण को लेकर लगातार मांग और प्रस्ताव दिए जा रहे हैं तो आखिर सड़क का निर्माण कब होगा। उनका कहना है कि खराब सड़क के कारण बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को विशेष परेशानी होती है।
अब ग्रामीणों की निगाहें जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग पर टिकी हैं। सवाल यह है कि 25-30 वर्षों से बदहाल इस मुख्य सड़क का स्थायी समाधान कब होगा और बसई इस्लामनगर के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा कब मिल पाएगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
