Oplus_16908288
जसपुर। विधानसभा जसपुर के ग्राम बाबरखेड़ा में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने शिरकत कर सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने दरगाह शरीफ पर हाज़िरी लगाई और ज़ियारत कर क्षेत्र में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
कार्यक्रम का फीता काटकर किया उद्घाटन, कव्वालियों का लिया आनंद; बोले— आपसी मोहब्बत और भाईचारा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. यूनुस चौधरी ने फीता काटकर की। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि समाज की मजबूती आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे से बनती है। धर्म और मजहब भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इंसानियत और आपसी सम्मान का रिश्ता सभी को एक सूत्र में बांधता है।

डॉ. यूनुस चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द से है। हमें ऐसी परंपराओं को आगे बढ़ाना चाहिए, जो समाज में नफरत की जगह मोहब्बत और दूरियों की जगह आपसी विश्वास पैदा करें। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल आस्था का केंद्र नहीं होते, बल्कि लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं।

इस दौरान आयोजित कव्वाली कार्यक्रम में भी डॉ. यूनुस चौधरी शामिल हुए और सूफियाना कलाम का आनंद लिया। उनकी मौजूदगी में कार्यक्रम का माहौल आध्यात्मिकता और आपसी सद्भाव के रंग में रंगा नजर आया।
डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंचना, उनकी खुशियों में शामिल होना और सामाजिक एकता के लिए सकारात्मक प्रयास करना बेहद जरूरी है। उन्होंने आयोजन से जुड़े लोगों और समस्त ग्रामवासियों को सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
