काशीपुर/देहरादून, 10 जून। उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और ऊधमसिंहनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए काशीपुर से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत चल रही इस कार्रवाई को राज्य में फर्जी लाइसेंस नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
एसटीएफ को मंगलवार देर रात काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार में अवैध हथियारों की मौजूदगी की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान कार से चार अवैध हथियार, 237 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और सात कूटरचित शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।

बरामद हथियारों में एक 12 बोर पंप एक्शन बंदूक, एक सेमी ऑटोमैटिक .22 बोर राइफल, एक सेमी ऑटोमैटिक .32 बोर पिस्टल तथा एक .32 बोर रिवॉल्वर शामिल हैं। इसके अलावा भारी मात्रा में विभिन्न बोर के कारतूस भी मिले हैं।
एसटीएफ के अनुसार बरामद शस्त्र, कारतूस, फर्जी लाइसेंस और वाहन मुकदमे में नामजद अभियुक्त सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल तथा दीप्ति अग्रवाल से संबंधित पाए गए हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसटीएफ द्वारा इससे पूर्व 4 जून 2026 को काशीपुर कोतवाली में फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराया गया था। उसी मुकदमे की विवेचना के दौरान यह बड़ी बरामदगी हुई है। जांच में सामने आया है कि बाहरी राज्यों से फर्जी लाइसेंस तैयार कर उन्हें उत्तराखंड में वैध दर्शाने का प्रयास किया जा रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि प्रदेशभर में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है। अब तक इस मामले में तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एसटीएफ ने अब तक पांच अवैध शस्त्र और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए हैं।
उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में उत्तराखंड पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई कर रही है। साथ ही जिन लोगों के पास फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस हैं, उन्हें स्वयं आगे आकर अपने हथियार और लाइसेंस पुलिस के समक्ष सरेंडर करने की चेतावनी भी दी गई है।
एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल एसटीएफ को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
प्रमुख बरामदगी
- 01 पंप एक्शन बंदूक (12 बोर)
- 01 सेमी ऑटोमैटिक राइफल (.22 बोर)
- 01 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल (.32 बोर)
- 01 रिवॉल्वर (.32 बोर)
- 237 जिंदा कारतूस
- 04 मैगजीन
- 07 फर्जी शस्त्र लाइसेंस
- स्विफ्ट कार संख्या UK18P-5046
कार्रवाई में शामिल टीम
- निरीक्षक अरुण कुमार
- निरीक्षक एम.पी. सिंह
- कांस्टेबल गुरवंत सिंह
- कांस्टेबल मोहित वर्मा
- कांस्टेबल सोनू पांडे
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
