काशीपुर/चंपावत। उत्तराखंड की नवसृजित नगर पंचायतों के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को कड़ी टक्कर देते हुए जीत दर्ज की। ऊधमसिंहनगर जिले की गढ़ीनेगी नगर पंचायत और चंपावत जिले की पाटी नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है।गढ़ीनेगी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 94 मतों से पराजित कर विजय हासिल की।
काशीपुर स्थित नवीन मंडी परिसर में गुरुवार सुबह शुरू हुई मतगणना के दौरान परिणाम को लेकर काफी रोचक स्थिति बनी रही। सूत्रों के अनुसार मतपत्रों की गिनती को लेकर चार बार पुनर्गणना (री-काउंटिंग) की गई। हर बार मतों के आंकड़ों में बदलाव देखने को मिला और विजयी प्रत्याशी के मतों में कमी दर्ज हुई, लेकिन सभी दौर की गणना के बाद भी अभिषेक सुखीजा अपनी बढ़त बनाए रखने में सफल रहे और अंततः जीत उनके खाते में ही गई।

निर्वाचन अधिकारी अभय प्रताप सिंह और सहायक निर्वाचन अधिकारी पंकज चंदोला की निगरानी में हुई मतगणना में अभिषेक सुखीजा को 2047 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 1953 वोट मिले। परिणाम घोषित होने के बाद एडीएम पंकज उपाध्याय की मौजूदगी में विजयी प्रत्याशी को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा ने अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन मतदाताओं ने निर्दलीय उम्मीदवार के पक्ष में फैसला सुनाया।
उधर, चंपावत जिले की नवगठित पाटी नगर पंचायत में भी मतदाताओं ने निर्दलीय प्रत्याशी पर भरोसा जताया। यहां निर्दलीय उम्मीदवार नारायण लाल ने भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 224 मतों के अंतर से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
नारायण लाल को 738 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 514 मत मिले। मतगणना में 39 मत अवैध घोषित किए गए तथा 18 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। 9 जून को हुए मतदान में कुल 2067 मतदाताओं में से 1612 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
दोनों नगर पंचायतों के नतीजों ने साफ संकेत दिया है कि स्थानीय निकाय चुनावों में मतदाताओं ने दलगत राजनीति से अधिक स्थानीय नेतृत्व और व्यक्तिगत स्वीकार्यता को महत्व दिया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
