काशीपुर/रुद्रपुर। 12 जून 2017 उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में चल रही जांच के दौरान STF ने देर रात रुद्रपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।

एसटीएफ की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध काशीपुर में दर्ज फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के मामले से है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में काशीपुर निवासी कारोबारी सौरभ अग्रवाल और उसका चालक अमित पाल शामिल हैं।
एसटीएफ के अनुसार 10 जून की रात काशीपुर क्षेत्र में संयुक्त अभियान के दौरान एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए गए थे। इस मामले में सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल को नामजद किया गया था। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में STF की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
इसी क्रम में 11 जून की देर रात STF को सूचना मिली कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में हथियारों के साथ रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए STF ने रुद्रपुर रोडवेज के पास घेराबंदी कर सौरभ अग्रवाल और अमित पाल को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर पंप एक्शन गन, एक .30 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, एक .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस तथा दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए। इसके अलावा पहले बरामद की गई स्विफ्ट कार की चाबी भी आरोपियों से बरामद हुई है।
पूछताछ में STF को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। जांच एजेंसी के अनुसार 10 जून को जिस स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए थे, उसे आरोपी अमित पाल ने साक्ष्य छिपाने और जांच को गुमराह करने की नीयत से काशीपुर में पार्किंग में छिपाकर खड़ा किया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने बताया कि राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के नेटवर्क की व्यापक जांच जारी है। अब तक इस मामले में तीन मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं तथा सात आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान अब तक 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस और कई फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।
एसएसपी STF ने दावा किया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। प्राप्त साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर जल्द ही अन्य संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
STF ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल STF को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी:
- सौरभ अग्रवाल पुत्र राकेश कुमार अग्रवाल, निवासी काशीपुर।
- अमित पाल पुत्र प्रमोद पाल, निवासी कटोराताल, काशीपुर।
बरामदगी:
- 01 पंप एक्शन बंदूक 12 बोर
- 01 ऑटोमैटिक पिस्टल .32 बोर
- 01 ऑटोमैटिक पिस्टल .30 बोर
- 08 जिंदा कारतूस
- 02 फर्जी शस्त्र लाइसेंस
- स्विफ्ट कार की चाबी
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
