काशीपुर। 27 जुलाई 2026 प्रदेश के परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने सोमवार को नगर निगम सभागार में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान काशीपुर को 44 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 31.35 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और 13.01 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मंत्री प्रदीप बत्रा का विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, मुख्य विकास अधिकारी दिनेश शाशनी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
अपने संबोधन में मंत्री बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जनसेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने काशीपुर रोडवेज बस स्टेशन की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया कि नए बस अड्डे के लिए भूमि का चयन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। साथ ही शहर में छोटे बस स्टॉप विकसित किए जाएंगे तथा काशीपुर, जसपुर, रामनगर और खटीमा को जोड़ने के लिए करीब 20 नई बसें, जिनमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी, संचालित करने की योजना है।
मंत्री ने बताया कि परिवहन निगम 200 नई बीएस-6 बसों की खरीद कर रहा है, जो दीपावली से पहले सड़कों पर उतरना शुरू हो जाएंगी। काशीपुर को भी नई बसों का पर्याप्त आवंटन किया जाएगा। उन्होंने शेयरिंग टैक्सी चालकों की समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, राज्य मंत्री सीमा चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतार रही है और शिविरों के माध्यम से आमजन तक उनका लाभ पहुंचाया जा रहा है।
इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में 49 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली-नाला निर्माण, ईवी चार्जिंग स्टेशन और वेंडिंग जोन जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के जनसेवा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां तथा अन्य योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, शालिनी नेगी सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
