काशीपुर। 30 जुलाई 2025 माँ बाल सुन्दरी परिणय सेवा संस्था 31 जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह 1 नवंबर 2025 को (देव उठान एकादशी) के अवसर पर चैती मेला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा। बता दे की मां बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था के प्रमुख एडवोकेट आनंद कुमार ने अपने जसपुर खुर्द में स्थित कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर जानकारी दी है।माँ बाल सुन्दरी परिणय सेवा संस्था के प्रमुख एडवोकेट आनन्द कुमार ने बताया कि मां बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था 22 नवम्बर 2015 से लगातार चैती मेला परिसर में गरीब परिवारों की कन्याओं के सामूहिक विवाह का आयोजन प्रत्येक वर्ष कर रही है। सिर्फ कोरोना काल को छोड़कर अब तक बाल सुन्दरी संस्था के द्वारा करीब 150 गरीब परिवारों की कन्याओं के विवाह करा चुकी हैं।

गत 23 नवम्बर 2023 को भी संस्था ने 21 कन्याओं का विवाह धूमधाम से कराया था। यह संस्था का आठवां सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार मां बाल सुन्दरी संस्था ने 31 गरीब परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह कराने का निर्णय लिया है।उन्होंने बताया कि काशीपुर में जसपुर खुर्द स्थित बांसियोंवाला मंदिर समिति की ओर से वर्ष 2007 में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया था। तत्कालीन समिति के अध्यक्ष सुधीर चन्द्र आढ़ती की देख रेख में वर्ष 2010 तक हर वर्ष 11 गरीब कन्याओं का विवाह कराया जाता रहा था। इन सभी आयोजनों में बाल सुन्दरी संस्था के संस्थापक अध्यक्ष स्व. बाबूराम जी का भी हमेशा सहयोग रहता था। समिति के अध्यक्ष सुधीर चन्द्र जी के निधन के बाद समिति ने यह आयोजन बंद कर दिया था।आगे उन्होंने बताया कि वहीं की प्रेरणा से उनके पिता वरिष्ठ समाजसेवी स्व. बाबूराम जी ने सर्वप्रथम चैती मेला परिसर में 22 नवम्बर 2015 को 21 गरीब परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह कराकर इस शुभ कार्य की शुरूआत की थी। इस बार संस्था का यह आठवां आयोजन है। संस्था अब तक 150 गरीब परिवारों की कन्याओं का विवाह करवा चुकी है।

तो वही संस्था के महासचिव एवं मीडिया प्रमुख सुरेश शर्मा ने बताया कि कई महीनों की तैयारियों के बाद यह पुनीत कार्य सम्पन्न होता है, यह एक बड़ा कार्य क्रम होता है। संस्था द्वारा सामूहिक विवाह में आये आवेदन में संलग्न पेपरों की जांच पड़ताल के लिए अलग-अलग स्थानों पर संस्था की टीमों को भेजकर एवं लोगों से सम्पर्क कर विवाह के योग्य पात्र लोगों को छांटा जाता है। संस्था के कोषाध्यक्ष एवं धार्मिक कार्यक्रम प्रमुख पंडा विकास अग्निहोत्री ने बताया कि सामूहिक विवाह में फेरे सनातन धर्म के अनुसार विधि-विधान से करवाये जायेंगे। विवाह के उपरांत वर-वधू पक्ष को विवाह प्रमाण पत्र भी विवाह समारोह के बाद दिये जायेंगे। यहां आपको बता दें कि मां बाल सुंदरी परिणय सेवा संस्था द्वारा किए गए विवाह कार्यक्रम में सभी कन्याओं को सम्मान स्वरूप घरेलू उपयोग में आने वाले सामान भी दिए जाते हैं और साथ ही बारातियों का स्वागत कार्यक्रम से लेकर खान-पान की पूरी व्यवस्था की जाती है जिससे संस्था के द्वारा किए गए इस कार्य की क्षेत्र भर में प्रशंसा होती है। होने को तो क्षेत्र में नहीं बल्कि प्रदेश भर में ऐसी अन्य बहुत संस्थाएं हैं जो समाज हित के कार्य करती हैं परंतु ऐसा पुण्य का कार्य एक यही संस्था है जो गरीब कन्याओं के विवाह के लिए लगातार कार्य कर रही है।संस्था के कार्य को करने से गरीब परिवार जो अपनी कन्याओं का कन्यादान नहीं कर पाते उन्हें बड़ी राहत मिलती है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
