काशीपुर, 22 मार्च 2026। ईद की तैयारियों के बीच ग्राम इस्लामनगर बसई में हुए भीषण अग्निकांड ने एक बार फिर घरेलू गैस सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक विस्फोट होने से घर में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन नुकसान काफी बड़ा रहा।

फरते अली पुत्र अमीर हम्ज़ा के घर पर मेहमान मौजूद थे और खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक रेगुलेटर का ढक्कन उड़ गया और गैस ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि छत तक पहुंचने लगीं और दीवारों को झुलसाने लगीं। हालात इतने भयावह थे कि जिस तरफ आग की लपटें लग रही थीं, उस ओर दीवारों पर लगा प्लास्टर, सीमेंट, रेत-बजरी तक पिघलने लगी।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी, मिट्टी और रेत डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि आग की चपेट में आकर मकान की दूसरी मंजिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान इशरत अली आग बुझाने के प्रयास में झुलस गए, जिन्होंने बहादुरी दिखाते हुए ऊपर रखे गैस सिलेंडर को सुरक्षित नीचे उतारकर बड़ा खतरा टाल दिया।

पीड़ित के अनुसार इस हादसे में करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने मौके का निरीक्षण किया।

👉 जागरूकता ही बचाव:
इस घटना ने साफ कर दिया है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। गैस एजेंसियां लगातार चेतावनी देती हैं कि चूल्हे में लगे रेगुलेटर और पाइप को समय-समय पर बदलवाना बेहद जरूरी है। पुराने या खराब उपकरण कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं।
👉 अपील:
घर में लगे गैस रेगुलेटर और पाइप की नियमित जांच कराएं और समय पर उन्हें बदलवाएं, ताकि इस तरह की खतरनाक घटनाओं से बचा जा सके।
सावधानी ही सुरक्षा है—जागरूक रहें, सुरक्षित रहें।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
