काशीपुर। सियासत का पारा उस वक्त चढ़ गया जब महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के चार साल के कार्यकाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार को “झूठ का पुलिंदा” बताते हुए आरोप लगाया कि जनता को सिर्फ घोषणाओं के जाल में फंसाया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।

अलका पाल ने कहा कि रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और वित्तीय प्रबंधन जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी के चलते युवा पलायन को मजबूर हैं, लेकिन सरकार के पास इसे रोकने के लिए कोई ठोस नीति तक नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शिक्षा विभाग और पुलिस महकमे में हजारों पद खाली पड़े हैं, तो आखिर भर्ती क्यों नहीं की जा रही?
उन्होंने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल अब सिर्फ “रेफरल सेंटर” बनकर रह गए हैं, जहां इलाज के बजाय मरीजों को इधर-उधर भेजा जाता है। महंगाई को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि आम जनता की कमर टूट चुकी है, लेकिन सरकार केवल आंकड़ों की बाजीगरी में लगी है।
कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए अलका पाल ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार के पास इसे रोकने का कोई ठोस प्लान नहीं है। साथ ही भ्रष्टाचार और खनन माफियाओं पर सरकार की “खामोशी” को उन्होंने सीधा संरक्षण करार दिया।
अंत में उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि वह अपने चार साल के कार्यकाल पर विस्तृत श्वेत पत्र जारी करे और जनता को बताए कि आखिर विकास के नाम पर क्या हासिल किया गया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
