काशीपुर। रामनगर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर वर्षों से अधूरे पड़े ओवरब्रिज को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने प्रशासन और सरकार को चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा है कि यदि ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

अलका पाल ने आरोप लगाया कि करीब एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यह महत्वपूर्ण परियोजना अधूरी पड़ी है, जिससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है बल्कि आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्ग पर स्थित यह ओवरब्रिज विकास की प्राथमिकता में होना चाहिए था, लेकिन अब तक इसकी अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया गया है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ वार्ता कर कार्यदायी संस्थाओं—राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी)—के अधिकारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की गई है।
कांग्रेस नेता ने सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए कहा कि काशीपुर में लंबे समय से भाजपा के विधायक, सांसद और मेयर होने के बावजूद शहर की यह महत्वपूर्ण परियोजना अधर में लटकी हुई है। उन्होंने इसे विकास के प्रति सरकार की उदासीनता का प्रतीक बताया।
अलका पाल ने दो टूक कहा कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर समयबद्ध तरीके से पूरा नहीं किया गया, तो कांग्रेस जनहित में व्यापक आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
