काशीपुर, 18 अप्रैल 2026। भीषण गर्मी के बीच काशीपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबी बिजली कटौती ने आमजन की परेशानियां बढ़ा दी हैं। जहां एक ओर तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर घंटों की बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मामला जसपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्युत उपखंड गंगापुर का है।
ग्रामीण इलाकों—इस्लामनगर, बसाई, हरियावाला, गंगापुर और सर्वारखेड़ा—में सुबह करीब 9:30 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है, जो शाम लगभग 6:30 बजे बहाल होती है। इसके बाद रात 7 बजे फिर कटौती कर दी जाती है, जो देर रात करीब 10:30 बजे तक जारी रहती है। इस तरह उपभोक्ताओं को रोजाना 15 से 16 घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी मनमाने ढंग से कटौती कर रहे हैं। जब इस संबंध में अधिकारियों से संपर्क किया जाता है तो “ऊपर के आदेश” का हवाला देकर जवाब टाल दिया जाता है। “ऊपर” से किसका आदेश है, इस पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती और कई बार फोन तक काट दिया जाता है।
शिकायत के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर भी उपभोक्ताओं के लिए बेअसर साबित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि या तो फोन उठाया नहीं जाता या फिर संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। ऐसे में सवाल उठता है कि भीषण गर्मी के इस दौर में उपभोक्ता अपनी समस्या किसके सामने रखें और समाधान की उम्मीद किससे करें।
प्रदेश सरकार जहां 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे कर रही है, वहीं जमीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो गर्मी के चरम पर हालात और बिगड़ सकते हैं।
बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके आदेश पर और किसकी सह पर इतनी लंबी बिजली कटौती की जा रही है? क्या यह प्रशासनिक लापरवाही है या फिर बिजली प्रबंधन में गंभीर खामियां?
जनता अब इस मुद्दे पर जवाब चाहती है और उम्मीद कर रही है कि संबंधित विभाग जल्द स्थिति स्पष्ट कर राहत प्रदान करेगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
