काशीपुर में लगातार बढ़ रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर राजनीतिक और सामाजिक नाराजगी तेज होती जा रही है। महानगर कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने बिजली विभाग और सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिना सूचना की बिजली कटौती पर रोक नहीं लगी, तो जनता के हित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अलका पाल ने आरोप लगाया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच रातभर बिजली न आने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, पेयजल आपूर्ति प्रभावित है और खेती-किसानी पर भी सीधा असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि गेहूं कटाई के मौसम में किसान पहले ही मेहनत और मौसम की मार झेल रहे हैं, ऐसे समय में लंबे बिजली कट से सिंचाई और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई इलाकों में सुबह से देर रात तक बिजली बाधित रहने की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन विभाग की ओर से न तो कोई तय शेड्यूल जारी किया जा रहा है और न ही पूर्व सूचना दी जा रही है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने जर्जर बिजली लाइनों और खराब व्यवस्थाओं को भी कटौती का बड़ा कारण बताया। उनका कहना है कि गर्मी शुरू होने से पहले बिजली विभाग को व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी चाहिए थीं, लेकिन लापरवाही का खामियाजा अब आम जनता भुगत रही है।
यह मुद्दा केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं, बल्कि जनता की मूलभूत जरूरतों से जुड़ा सवाल बनता जा रहा है। लगातार बिजली संकट से यह संदेश भी उभर रहा है कि बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी अब लोगों के धैर्य की परीक्षा लेने लगी है। यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो जनआक्रोश सड़क पर उतर सकता है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
