काशीपुर। 23 अप्रैल 2026 औद्योगिक क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड (आईजीएल) को प्रतिष्ठित ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क’ सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान कंपनी की बेहतर कार्यसंस्कृति, कर्मचारियों के प्रति सकारात्मक वातावरण और विश्वास आधारित प्रबंधन प्रणाली का प्रमाण माना जा रहा है।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि कर्मचारियों और श्रमिकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। आईजीएल लंबे समय से कार्यस्थल पर समावेशी माहौल, कर्मचारियों के विकास और सुरक्षित कार्य वातावरण को प्राथमिकता देती रही है।

इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए आईजीएल काशीपुर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आलोक सिंघल ने कहा कि यह सम्मान कंपनी के हर कर्मचारी की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्था हमेशा से अपने कार्यबल को मजबूत बनाने और सकारात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत रही है।
मुख्य मानव संसाधन अधिकारी देव झा ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके कर्मचारियों की संतुष्टि और विकास पर निर्भर करती है। आईजीएल ने यह साबित किया है कि बेहतर प्रदर्शन के लिए कर्मचारियों को सम्मानजनक और भरोसेमंद माहौल देना बेहद जरूरी है।
वहीं फैक्ट्री मैनेजर राजेश कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी केवल औद्योगिक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि आईजीएल पिछले कई वर्षों से विभिन्न सामाजिक और जनहित कार्यक्रमों में भागीदारी निभा रही है।
कंपनी प्रबंधन ने इस सम्मान के लिए सभी विभागाध्यक्षों, कर्मचारियों और श्रमिकों का आभार व्यक्त किया है। प्रबंधन का मानना है कि टीमवर्क, पारदर्शिता और आपसी विश्वास ही किसी संस्था की वास्तविक ताकत होते हैं।
औद्योगिक क्षेत्र में मिले इस सम्मान से काशीपुर की औद्योगिक पहचान को भी नई मजबूती मिली है और यह उपलब्धि स्थानीय उद्योग जगत के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है।

सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
