काशीपुर। 30 अप्रैल 2026 जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच थाना कुंडा पुलिस ने एक बार फिर तस्करों पर सख्त कार्रवाई करते हुए स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सतर्क निगरानी और लगातार चल रही चेकिंग के दौरान आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में “ऑपरेशन प्रहार” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नशा तस्करों और अवैध कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी मंडी थाना कुंडा पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.66 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद समीर पुत्र शमशाद निवासी ढेला बस्ती, काशीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कुंडा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर सप्लाई चेन और अन्य संपर्कों की जांच भी की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशा कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई को थाना कुंडा पुलिस की सक्रियता और नशा विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
