Oplus_16908288
काशीपुर। काशीपुर राजपरिवार की ओर से आयोजित स्वर्गीय रानी मणिमाला सिंह की प्रथम पुण्यतिथि एवं वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम में भावनाओं और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। कटोराताल स्थित छावनी चिल्ड्रन्स एकेडमी परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राजपरिवार, गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से दिवंगत रानी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। आयोजन के दौरान वातावरण पूरी तरह भावुक बना रहा और लोगों ने उनके समाजसेवी व्यक्तित्व को स्मरण किया।

बता दें कि कुमाऊं नरेश एवं पूर्व सांसद राजा करन चन्द सिंह “बाबा” की धर्मपत्नी स्वर्गीय रानी मणिमाला सिंह की प्रथम पुण्यतिथि एवं वार्षिक श्राद्ध श्रद्धा, स्मृति और भावनाओं के बीच मनाया गया। कटोराताल स्थित छावनी चिल्ड्रन्स एकेडमी परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राजपरिवार के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर दिवंगत आत्मा को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रानी मणिमाला सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूरे आयोजन स्थल पर भावुक माहौल बना रहा। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने रानी मणिमाला सिंह के सरल स्वभाव, सौम्य व्यक्तित्व और समाजहित में किए गए कार्यों को याद करते हुए उन्हें काशीपुर की सामाजिक चेतना से जुड़ी शख्सियत बताया।

इस अवसर पर कुमाऊं नरेश एवं पूर्व सांसद राजा करन चन्द सिंह “बाबा”, युवराज नरेन्द्र चन्द सिंह, युवरानी कामाक्षी सिंह, राजकुमार विरेन्द्र चन्द सिंह, कुंवरानी काजल सिंह, कुंवर उदभान नारायन सिंह (रामगढ़), राजकुमारी दिव्या सिंह सहित काशीपुर राजपरिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी भाग लेकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय रानी मणिमाला सिंह ने राजपरिवार की गरिमा के अनुरूप सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वे सदैव जरूरतमंदों की सहायता और समाजहित के कार्यों में सक्रिय रहीं। उनके निधन से काशीपुर क्षेत्र ने एक संवेदनशील और सम्मानित व्यक्तित्व को खो दिया।
इस अवसर पर युवराज नरेन्द्र चन्द सिंह ने भावुक शब्दों में कहा, “माता जी केवल हमारे परिवार की धुरी नहीं थीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पण और संस्कारों की जीवंत मिसाल थीं। उन्होंने हर रिश्ते को प्रेम, सम्मान और अपनत्व से निभाया। आज उनकी स्मृतियां हमारे लिए प्रेरणा हैं और उनका आशीर्वाद सदैव हमारे साथ रहेगा।”
कार्यक्रम का समापन भजन-कीर्तन, शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें नम आंखों से याद किया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
