काशीपुर। 7 जून 2026 अस्पताल की बदहाली और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है बता दें कि महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने सरकारी अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और अव्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि काशीपुर का सरकारी अस्पताल अब इलाज का केंद्र न रहकर केवल मरीजों को रेफर करने वाला अस्पताल बन गया है, जिसका खामियाजा गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

अलका पाल ने कहा कि सरकार ने वर्षों पहले काशीपुर में 100 बेड के आधुनिक अस्पताल की घोषणा की थी, लेकिन आज तक यह योजना कागजों से बाहर नहीं निकल सकी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में हार्ट विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सकों की भारी कमी है, जिसके कारण मरीजों को मजबूरन निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है और इलाज का भारी खर्च उठाना पड़ता है।
उन्होंने अस्पताल परिसर की बदहाल सफाई व्यवस्था और जर्जर ड्रेनेज सिस्टम पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि ड्रेनेज व्यवस्था की खराब स्थिति के कारण अस्पताल परिसर में गंदगी और संक्रमण का खतरा बना रहता है, जो मरीजों और उनके परिजनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से अस्पताल के व्यापक जीर्णोद्धार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को तत्काल सुदृढ़ करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस जनहित में स्वास्थ्य मंत्री का घेराव कर बड़ा आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगी।
अलका पाल ने कहा कि जनता बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की हकदार है और कांग्रेस आम लोगों के स्वास्थ्य अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
