काशीपुर, 7 जून 2026। काशीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत क्षेत्र के तीन मंदिरों में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदातों का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिरों से चोरी किया गया धार्मिक सामान, दान पात्र की नकदी तथा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 26 मई की रात नागन शक्ति मंदिर तथा 31 मई की रात नागनाथ मंदिर और गंगे बाबा मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। मामले में संबंधित मंदिरों के पदाधिकारियों द्वारा कोतवाली काशीपुर में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के निर्देशन में गठित टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस व मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने 6 जून को नौगजा पुलिया के पास से रामनगर निवासी 25 वर्षीय तालिब हुसैन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सन्नी और मोईन के साथ मिलकर मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी किया गया सामान उसने काशीपुर के कबाड़ी जलीश अहमद को बेच दिया था।
इसके बाद पुलिस ने तालिब की निशानदेही पर कचनालगाजी स्थित कबाड़ की दुकान से जलीश अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से मंदिरों से चोरी किया गया सामान बरामद किया।
बरामद सामान
- 15,420 रुपये नकद
- दो नाग प्रतिमाएं
- दो कलश
- एक पीले रंग की गदा
- तीन त्रिशूल
- गुंबद में लगाए जाने वाले दो पीतल के कलश
- 17 घंटियां
गिरफ्तार आरोपी
1. तालिब हुसैन (25 वर्ष)
निवासी रेलवे पड़ाव, रामनगर, जिला नैनीताल
2. जलीश अहमद (33 वर्ष)
निवासी कुमाऊं कॉलोनी, कचनालगाजी, काशीपुर
फरार आरोपी
- सन्नी पुत्र गोविंद सिंह, निवासी रेलवे पड़ाव, रामनगर
- मोईन, निवासी पूछड़ी, रामनगर
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी तालिब हुसैन वर्ष 2022 में भी रामनगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
काशीपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि धार्मिक स्थलों, घरों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा उपाय अवश्य अपनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
