Oplus_16908288
काशीपुर। 30 जुलाई 2026 आगामी श्रावण कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रणनीति तैयार कर ली है। इसी क्रम में कोतवाली आईटीआई क्षेत्र स्थित आईजीएल गेस्ट हाउस में दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों की अंतर्राज्यीय समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, रूट डायवर्जन तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में आपसी समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक में सुरक्षा, यातायात और रूट डायवर्जन पर हुआ मंथन
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती थानों की पुलिस लगातार आपसी संपर्क में रहेगी तथा किसी भी महत्वपूर्ण सूचना का तत्काल आदान-प्रदान किया जाएगा। साथ ही बड़े वाहनों के संचालन को नियंत्रित करने, आवश्यकता पड़ने पर प्रभावी रूट डायवर्जन लागू करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर सहमति बनी।

गोष्ठी में उत्तर प्रदेश में 17 एवं 24 अगस्त को प्रस्तावित जलाभिषेक कार्यक्रमों के मद्देनज़र भी विशेष रणनीति बनाई गई। इन तिथियों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी वाहनों के संचालन पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार यातायात प्रतिबंध लागू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के उपरांत क्षेत्राधिकारी बाजपुर/काशीपुर अखिलेश कुमार ने सर्किल के थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की ब्रीफिंग कर कांवड़ यात्रा के दौरान सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी कांवड़ियों के साथ शालीन एवं विनम्र व्यवहार करें, उनकी सहायता को प्राथमिकता दें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में धैर्य और संयम से कार्य करें।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों को आवश्यक उपकरणों के साथ ड्यूटी पर उपस्थित रहने, सड़क दुर्घटना अथवा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा कांवड़ यात्रा मार्गों का पूर्व में स्थलीय निरीक्षण कर संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, डायवर्जन प्वाइंट और दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में उत्तर प्रदेश की ओर से ठाकुरद्वारा, अफजलगढ़, स्वार और बिलासपुर के क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न थाना प्रभारी मौजूद रहे, जबकि उत्तराखंड की ओर से क्षेत्राधिकारी बाजपुर/काशीपुर सहित ऊधमसिंहनगर और सीमावर्ती क्षेत्रों के थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, सीपीयू कर्मी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दोनों राज्यों की पुलिस ने समन्वित कार्रवाई के माध्यम से कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
