जसपुर। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जसपुर की राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अल्पसंख्यक समाज के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए बुधवार को फैज-ए-आम इंटर कॉलेज में अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. यूनुस चौधरी के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर संवाद किया गया, वहीं संगठन विस्तार और आगामी चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

मुख्य अतिथि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के उपाध्यक्ष विनय रुहेला ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने हज कोटा में वृद्धि, क्षेत्रीय विकास कार्यों, अल्पसंख्यक बालिकाओं के कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने की पहल तथा अन्य विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों के कारण अल्पसंख्यक समाज का विश्वास लगातार पार्टी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से समाज के बीच जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं और उन्हें भाजपा से जोड़ने का अभियान चला रहे हैं। उनके अनुसार बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समाज के लोग पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं और भाजपा की नीतियों पर भरोसा जता रहे हैं।

डॉ. चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़, प्रदेश प्रभारी राकेश गिरी तथा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान सरकारी सेवाओं में चयनित अल्पसंख्यक समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शरीफ अहमद ने किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि तीरथ सिंह, नफीस सिद्दीकी, विनीत चौहान, फैजल, राजा, रईस अहमद, फखरुद्दीन, शमीम प्रधान, नईम प्रधान, उस्मान, शब्बू, सादिक अली, तौफिक अहमद, सरफराज, सारिम, जमीर अहमद, सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
