देहरादून, 3 अगस्त। उच्च शिक्षा विभाग के कार्यरत एवं प्रभावित अस्थायी शिक्षकों ने अपनी वर्षों पुरानी मांगों को लेकर सोमवार को एक बार फिर सरकार का दरवाजा खटखटाया। शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से उनके यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी आवास पर मुलाकात कर समायोजन, सेवा सुरक्षा, वेतन वृद्धि तथा सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की मांगों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक में शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से लगातार ज्ञापन, वार्ता और आश्वासनों का सिलसिला जारी है, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। उन्होंने बताया कि प्रभावित अस्थायी शिक्षक करीब दो वर्षों से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं, जबकि वर्तमान में कार्यरत शिक्षक भी बेहद कम मानदेय पर उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने में जुटे हुए हैं। ऐसे में सरकार को सभी अस्थायी शिक्षकों के हित में स्पष्ट और न्यायसंगत नीति बनाते हुए शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
अस्थायी शिक्षकों ने सरकार को दिया स्पष्ट संदेश, कहा— अब निर्णय चाहिए, सिर्फ आश्वासन नहीं

शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि यह मामला केवल रोजगार का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका, सम्मान और भविष्य से जुड़ा है। इसलिए सरकार को इस विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशक से स्वीकृत पदों एवं रिक्त पदों का विस्तृत विवरण तत्काल उपलब्ध कराने को कहा तथा दूरभाष पर अधिकारियों से शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि विषय पर आगे की कार्रवाई में तेजी लाई जा सके।
शिक्षकों ने कहा कि वे सकारात्मक निर्णय की उम्मीद के साथ सरकार को पर्याप्त अवसर दे रहे हैं, लेकिन यदि समायोजन, वेतन वृद्धि और सेवा सुरक्षा के मुद्दे पर जल्द ठोस फैसला नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के कार्यरत एवं प्रभावित अस्थायी शिक्षक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन की व्यापक रणनीति बनाने के लिए विवश होंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के सभी अस्थायी शिक्षकों से संगठित रहने और अपने अधिकारों की इस लड़ाई में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि एकजुटता ही इस संघर्ष को सफलता तक पहुंचाने का सबसे मजबूत माध्यम बनेगी।
बैठक में डॉ. रोहित, डॉ. मोहित, डॉ. मनोज, डॉ. शैलेश, डॉ. सरन, डॉ. प्रवेश, डॉ. चिंतामणि, डॉ. राकेश, डॉ. ममता, डॉ. जयहरी, डॉ. रणजीत, डॉ. ब्रह्मराज, डॉ. बबलू, डॉ. बिपिन, डॉ. प्रियंका, डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. ममता सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
