Oplus_16908288
काशीपुर। 10 सितंबर 2026 भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती बुधवार को काशीपुर में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। रेलवे स्टेशन रोड स्थित पंडित पार्क में गोविंद बल्लभ पंत पार्क समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर दीपक बाली ने पंडित पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी पुष्प अर्पित कर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रनायक को नमन किया।

इस अवसर पर ख्वाहिश एनजीओ के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का रंग भर दिया।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का देश के निर्माण और राष्ट्रसेवा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और जनसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पंत जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। महापौर ने पंत जयंती के आयोजन के लिए समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को महान विभूतियों के जीवन और योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आयोजक गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के योगदान को कुछ शब्दों में समेटना संभव नहीं है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में परदादा के समय से ही पंत जयंती मनाने की परंपरा चली आ रही है, जिसे आगे बढ़ाना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी तक पंत जी के विचार और राष्ट्रसेवा की भावना पहुंचाना भी इस आयोजन का उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आदर्शों और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
