काशीपुर। आईटीआई कोतवाली क्षेत्र की पैगा पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम महुआखेड़ा गंज के वार्ड नंबर-3 स्थित मढ़ैया देवी में 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद आरोपी का परिवार फरार, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मृतका की पहचान मेहबिश पुत्री स्वर्गीय फरियाद हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मेहबिश चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता का वर्ष 2004 में निधन हो चुका था। परिजनों के अनुसार, मेहबिश ने इसी वर्ष राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर से बीए की पढ़ाई पूरी की थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती की हत्या पड़ोस के एक घर में किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि पड़ोसी साजिद मेहबिश के शव को उसके घर पर छोड़कर वहां से चला गया। उस समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। घटना के बाद से आरोपी साजिद और उसके परिवार के लोगों के मौके से फरार होने की बात बताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही आईटीआई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात में किन परिस्थितियों में गोली चली, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश और मामले की जांच की जा रही है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
