जसपुर, ऊधम सिंह नगर। जसपुर क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। गोविंदपुर स्थित संधू ढाबे के पास टाटा मिनी कैंटर और ई-टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ई-टेंपो चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सर्वरखेड़ा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक महिला की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

तेज टक्कर से ई-टेंपो में सवार लोग हुए घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे ई-टेंपो काशीपुर से जसपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान जसपुर की तरफ से आ रहे टाटा अल्ट्रा मिनी कैंटर संख्या UK 18 CA 5064 से गोविंदपुर स्थित संधू ढाबे के निकट उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ई-टेंपो में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

ई-टेंपो चालक समेत तीन की दर्दनाक मौत
हादसे में ई-टेंपो चालक शहजाद अली (26 वर्ष), पुत्र रमजानी, निवासी ग्राम पंचायत कुंडा, जसपुर की मौत हो गई। इसके अलावा शमसीदा (65 वर्ष), पत्नी हुकूमत अली तथा शौकत अली, पुत्र पीरा अली, दोनों निवासी सवाल्दे, रामनगर, नैनीताल ने भी हादसे में दम तोड़ दिया।

चार घायल अस्पताल में भर्ती, एक की हालत गंभीर
दुर्घटना में हुकूमत अली, पुत्र सुबराती, निवासी सवाल्दे, रामनगर; कुबरा (56 वर्ष), पत्नी जबर, निवासी अनवरपुर चंद्रिका, थाना अफजलगढ़, जिला बिजनौर; खुर्शीद (65 वर्ष), पत्नी मोहम्मद अली, निवासी सिवारा, धामपुर; तथा मोहम्मदी, पत्नी शौकत अली, निवासी सवाल्दे, रामनगर घायल हो गए।

सभी घायलों को उपचार के लिए सर्वरखेड़ा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मोहम्मदी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
