ऊधम सिंह नगर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं के कारणों को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल पुलिस की चेकिंग पर्याप्त नहीं है, बल्कि संबंधित विभागों को भी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। इसके लिए पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर संवेदनशील स्थानों पर जरूरी सुधार कराए जाएंगे।
एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण, ओवरस्पीडिंग और नशे में ड्राइविंग करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एमेनिटी स्कूल चौराहा, मुमताज दरबार के समीप, बगवाड़ा मंडी गेट, गाबा चौक, राधा स्वामी सत्संग गेट, आदित्य चौक, नगला बाईपास, गोल गेट नगला, संजय वन, लालपुर और तुलसी द्वार सहित कई प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर यातायात की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में सड़क की स्थिति, वाहनों के दबाव, आवागमन की व्यवस्था और दुर्घटनाओं की आशंका से जुड़े पहलुओं का परीक्षण किया।
दुर्घटनाओं की वजह बनने वाली कमियों को किया जाएगा दूर

एसएसपी अजय गणपति ने एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप्स और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जहां सड़क किनारे अतिक्रमण या अन्य अव्यवस्थाएं यातायात में बाधा बन रही हैं, वहां आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर उनका नियमित निरीक्षण करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही निरीक्षण के बाद की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर होगी सख्ती
एसएसपी ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग करने और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अनुषा बड़ोला, संबंधित क्षेत्राधिकारी, यातायात निरीक्षक, रुद्रपुर एवं किच्छा के प्रभारी निरीक्षक, पंतनगर थानाध्यक्ष तथा एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
एसएसपी की वाहन चालकों से अपील

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस का प्रयास है कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर मौजूद खामियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि बहुमूल्य जिंदगियों को बचाया जा सके। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि तेज गति से वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं।
उन्होंने कहा कि सड़क पर कुछ मिनट बचाने के लिए जिंदगी को खतरे में डालना समझदारी नहीं है। यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि आपकी सुरक्षित यात्रा आपके परिवार की खुशियों से जुड़ी है।
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
