काशीपुर। 8 नवंबर 2026 दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर सफाई कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं होने से नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई। ठेकेदार कंपनी की कार्यप्रणाली से नाराज पर्यावरण मित्रों ने शुक्रवार सुबह महाराणा प्रताप चौक पर कूड़ा डालकर विरोध जताया। मामले की जानकारी मिलते ही महापौर दीपक बाली तत्काल मौके पर पहुंचे और कंपनी की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों के भुगतान के लिए सख्त निर्देश जारी किए।

दीपावली पर वेतन न मिलने से नाराज पर्यावरण मित्रों ने महाराणा प्रताप चौक पर डाला कूड़ा, महापौर ने दोपहर दो बजे तक प्रत्येक कर्मचारी के खाते में 10 हजार रुपये डालने के दिए निर्देश
मामले के अनुसार, नगर निगम के पूर्व बोर्ड द्वारा 20 वर्ष के लिए कूड़ा कलेक्शन का ठेका लेने वाली कंपनी को निगम की ओर से तीन दिन पहले भुगतान किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद कंपनी ने अपने अधीन कार्यरत पर्यावरण मित्रों के बैंक खातों में वेतन नहीं पहुंचाया। दीपावली के अवसर पर भुगतान न होने से नाराज कर्मचारियों ने सड़क पर कूड़ा डालकर अपना विरोध दर्ज कराया।

मौके पर पहुंचे महापौर दीपक बाली ने कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से फोन पर वार्ता करते हुए दोपहर दो बजे तक सभी संबंधित कर्मचारियों के खातों में 10-10 हजार रुपये डालने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम से भुगतान प्राप्त होने के बाद भी कर्मचारियों को उनका मेहनताना नहीं देना गंभीर लापरवाही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महापौर ने पर्यावरण मित्रों से कहा कि वेतन को लेकर उनका विरोध जायज है और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना नगर निगम की जिम्मेदारी है, लेकिन दीपावली के पावन पर्व पर शहर की स्वच्छता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों से शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। महापौर की अपील पर पर्यावरण मित्रों ने अपना विरोध समाप्त करते हुए सड़क पर डाले गए कूड़े को उठाना शुरू कर दिया और सफाई कार्य दोबारा सुचारु कर दिया।

मीडिया से बातचीत में दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम की ओर से कंपनी को तीन दिन पहले ही भुगतान किया जा चुका है। इसके बावजूद कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलना कंपनी की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से काम लेने वाली कंपनी की यह जिम्मेदारी है कि उन्हें समय पर मेहनताना मिले। कर्मचारियों के आर्थिक हितों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महापौर ने कंपनी को चेतावनी देते हुए कहा कि पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी। यदि कंपनी की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ और कर्मचारियों के भुगतान में इसी तरह लापरवाही सामने आती रही तो उसका ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर नई निविदा जारी कर सफाई व्यवस्था का ठेका दूसरी कंपनी को सौंपा जाएगा।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर की स्वच्छता के साथ-साथ सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा भी है। किसी भी ठेकेदार को कर्मचारियों का शोषण करने और उनके वेतन का भुगतान रोकने की छूट नहीं दी जाएगी।























सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
