काशीपुर, 10 अप्रैल 2026:
काशीपुर पुलिस ने बिजली के तार चोरी की दो बड़ी घटनाओं का महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 45 कुंतल चोरी किए गए बिजली के केबल, वारदात में प्रयुक्त उपकरण और दो वाहन भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को कुंडेश्वरी उपकेंद्र के अवर अभियंता अकरम ने कोतवाली काशीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि महादेव नगर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने 8 विद्युत पोलों से एचटी केबल काटकर चोरी कर ली है। इसी दिन कोतवाली कुंडा क्षेत्र में भी बिजली के तार चोरी की एक अन्य घटना दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंहनगर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और कुंडा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए 9/10 अप्रैल की रात धर्मपुर क्षेत्र में दबिश दी गई।
इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया—
आफताब अली पुत्र स्व. मोहम्मद अली, निवासी 15 एकड़, नियर जोशी किराना स्टोर, धर्मपुर, थाना रुद्रपुर, जनपद उधम सिंह नगर (उम्र 43 वर्ष)
और
जीशान पुत्र नसीर अहमद, निवासी भदईपुरा, चक्की वाली गली, थाना रुद्रपुर, जनपद उधम सिंह नगर (उम्र 22 वर्ष)।
पुलिस ने इनके कब्जे से कोतवाली काशीपुर से चोरी किए गए 15 कुंतल और कोतवाली कुंडा से चोरी किए गए 30 कुंतल बिजली के तार बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त कटर, कैंची, अन्य उपकरण, एक स्कॉर्पियो कार (UK18D-4683) और एक पिकअप वाहन (UP25ET-3009) भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित तरीके से बिजली के तार चोरी कर कबाड़ में बेचने की फिराक में थे। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
संयुक्त टीम की तत्परता से मिली सफलता
इस कार्रवाई में काशीपुर पुलिस, एसटीएफ और कुंडा पुलिस की संयुक्त टीम की सक्रियता और समन्वय की अहम भूमिका रही, जिससे इतनी बड़ी वारदात का त्वरित खुलासा संभव हो सका।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
