गदरपुर/28 मई 2026 पुलिस ने नकली नोटों के एक बड़े रैकेट का खुलासा करते हुए करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली और नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार कई गड्डियों में ऊपर असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” अंकित नकली नोट रखे गए थे, ताकि लोगों को आसानी से ठगा जा सके।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जनपद पुलिस लगातार अपराधियों और संगठित गिरोहों पर शिकंजा कस रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई दबिश

जानकारी के अनुसार कोतवाली गदरपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकली और असली नोट बरामद किए। जांच में पता चला कि नोटों की कई गड्डियों में ऊपर असली भारतीय रिजर्व बैंक के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे नकली नोट रखकर लोगों को धोखा देने की तैयारी थी।
बरामदगी देखकर पुलिस भी रह गई दंग
पुलिस के अनुसार मौके से बरामद बैगों और गड्डियों में बड़ी मात्रा में नकली नोट मिले। बरामद नकली नोटों पर “Children Bank of India” अंकित था। पुलिस ने कुल लगभग 4.54 करोड़ रुपये मूल्य की नकली और मिश्रित करेंसी बरामद की है।
बरामदगी में शामिल:
- 18 गड्डी 500 रुपये के नकली नोट
- 20 गड्डी जिनमें ऊपर असली और नीचे नकली नोट
- 22 गड्डी जिनमें अधिकांश “Children Bank of India” नोट
- 12 गड्डी मिश्रित असली-नकली नोट
- 15 गड्डी जिनमें ऊपर असली और नीचे फर्जी नोट
- एक काला-सफेद धारीदार बैग, जिसमें 157 गड्डी नकली नोट बरामद
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से निम्न अभियुक्तों को गिरफ्तार किया—
- मुनतियाज पुत्र साहिद, निवासी केशव नगर वार्ड नं. 06, थाना बाजपुर, उम्र 24 वर्ष।
- मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ, निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज, थाना गदरपुर, उम्र 41 वर्ष।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में मु0 FIR संख्या 141/2026 धारा 179/180/3(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस खंगाल रही रैकेट की जड़ें
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नकली करेंसी कहां से लाई गई, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और किन क्षेत्रों में इसे खपाने की तैयारी थी। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और संभावित गिरोह कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति का सख्त संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में आर्थिक अपराध, नकली नोट, नशा और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
- SHO भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, कोतवाली गदरपुर
- उ0नि0 सुरेन्द्र सिंह खड़ायत, प्रभारी चौकी बन्नाखेड़ा
- उ0नि0 मुकेश मिश्रा, प्रभारी चौकी महतोष
- हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह
- कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार
- कांस्टेबल रघुवर सिंह
- कांस्टेबल अमित देवरानी आदि शामिल रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
