ठाकुरद्वारा। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर ठाकुरद्वारा ब्लॉक सभागार में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। समारोह के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पत्रकार प्रेस परिषद (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ अली एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सक्सेना ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि आसिफ अली ने पत्रकारिता जगत से जुड़ी चुनौतियों, पत्रकारों के अधिकारों और सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता उसकी निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदार लेखनी पर निर्भर करती है। जब तक पत्रकार की कार्यशैली और लेखन समाज के प्रति जवाबदेह रहेगा, तब तक उसकी पहचान और सम्मान कायम रहेगा।

उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और समाज को सही दिशा देने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पत्रकारों को अफवाहों, फेक न्यूज और एकपक्षीय खबरों से बचते हुए तथ्यों पर आधारित पत्रकारिता को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय, एक-दूसरे के सम्मान और सहयोग की भावना को आवश्यक बताया।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सक्सेना ने भी पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एसआर म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने अपने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर समारोह को और अधिक आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में ठाकुरद्वारा के अलावा काशीपुर, जसपुर, बाजपुर, खटीमा, रामनगर, सितारगंज, मुरादाबाद, अमरोहा, टनकपुर एवं दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने सहभागिता की।
समारोह में ठाकुरद्वारा ब्लॉक प्रमुख वीर सिंह, अर्पणा औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र के डायरेक्टर अनिरुद्ध चौहान, प्रेस क्लब संरक्षक अशोक धीमान, सिद्धार्थ पेपर मिल के वाइस प्रेसिडेंट, पत्रकार प्रेस परिषद उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी महेंद्र बिष्ट, पुनीत शर्मा, पैट्रिक चरन बाबा, मानिक गुप्ता, प्रकाश पुंज, हरिश्चंद्र शर्मा, राम आशीष प्रजापति (एडीओ कोऑपरेटिव), जगदीश सक्सेना सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं पत्रकारों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
