oplus_136314914
काशीपुर। कुंडा क्षेत्र के ग्राम सर्वारखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसकी भांजी के साथ हुई छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में प्रधान पति द्वारा लगातार समझौता कराने का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर उसके परिवार पर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

पीड़ित पक्ष के अनुसार उसकी भांजी के साथ पूर्व में छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म के प्रयास की घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दी गई थी, जिसकी जांच वर्तमान में प्रचलित है। आरोप है कि मामले को दबाने और समझौता कराने के लिए प्रधान पति की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था तथा पूर्व में जबरन हस्ताक्षर भी कराए गए।

प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि 13 जून की शाम प्रधान पति अपने परिजनों के साथ उनके घर पहुंचे और तत्काल समझौता करने का दबाव बनाने लगे। जब परिवार ने बिना पंचायत और अपने पक्ष के लोगों की मौजूदगी के कोई फैसला करने से इनकार कर दिया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद बड़ी संख्या में लोग हथियारों से लैस होकर घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान प्रधान पति के परिवार के लोगों ने मोइनुद्दीन, वाजिद अली, आदिल, सुभान अली, फिरदोसी, अप्सरी सहित अन्य परिजनों के साथ मारपीट कर तथा कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए काशीपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह हमला उनकी भांजी के मामले में जबरन समझौता कराने और परिवार को डराने-धमकाने के उद्देश्य से किया गया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष प्रभावशाली है और लगातार धमकियां दे रहा है, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।पीड़ित ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
