काशीपुर/देहरादून। उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और बड़ी सफलता मिली है। STF ने ऊधम सिंह नगर जनपद के सरवरखेड़ा क्षेत्र में दबिश देकर फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो अवैध हथियार, 17 जिंदा कारतूस, दो कूटरचित शस्त्र लाइसेंस और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया है।

माननीय मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर STF द्वारा बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की व्यापक जांच की जा रही है। इसी क्रम में STF की जांच के आधार पर 4 जून 2026 को कोतवाली काशीपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान 17 जून को STF टीम ने सरवरखेड़ा, थाना कुंडा क्षेत्र में दबिश देकर दानिश उर्फ दानू पुत्र मोहम्मद अलीम उर्फ छुट्टन निवासी सरवरखेड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक सेमी ऑटोमैटिक .30 बोर पिस्टल, एक सेमी ऑटोमैटिक .315 बोर रायफल, 17 जिंदा कारतूस, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) से संबंधित दो कूटरचित शस्त्र लाइसेंस तथा एक फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ।
अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी STF ने बताया कि वर्ष 2026 की शुरुआत से ही राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों और कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से लाइसेंस तैयार करने वाले गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक माह से STF की टीमें पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हैं।
उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों का यह कारोबार केवल कानून का उल्लंघन नहीं बल्कि राज्य की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। जांच में जिस किसी व्यक्ति, दलाल, लाइसेंस धारक अथवा सहयोगी की संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
STF की अब तक की कार्रवाई
- राज्य के विभिन्न जनपदों में 4 मुकदमे दर्ज
- 10 आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए
- 16 अवैध हथियार बरामद
- 358 कारतूस बरामद
- बड़ी संख्या में संदिग्ध एवं फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद
STF ने आमजन से भी अपील की है कि फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस संबंधी कोई भी सूचना तत्काल STF को दें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में STF के निरीक्षक अरुण कुमार, उपनिरीक्षक सत्येंद्र गंगोला सहित STF और काशीपुर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
