काशीपुर/रुद्रपुर, 20 जुलाई। ऊधम सिंह नगर जनपद में पिछले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 130 मिमी वर्षा किच्छा में रिकॉर्ड की गई, जबकि रुद्रपुर में 68.67 मिमी, खटीमा में 75 मिमी, सितारगंज में 47 मिमी, काशीपुर में 31 मिमी, बाजपुर में 26.5 मिमी, जसपुर में 12 मिमी और गदरपुर में 7 मिमी वर्षा हुई।

जिला आपदा परिचालन केंद्र (डीईओसी) की सोमवार सुबह 8:30 बजे जारी मॉर्निंग रिपोर्ट के अनुसार, जिले में वर्तमान में भी कई क्षेत्रों में बारिश जारी है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सभी नदियां और जलाशय सामान्य स्थिति में, सड़क, बिजली व पेयजल व्यवस्था सुचारु
रिपोर्ट के अनुसार जिले की सभी प्रमुख नदियां फिलहाल चेतावनी और खतरे के स्तर से काफी नीचे बह रही हैं। सुखी/बेगुल, कैलाश, जगबूड़ा, परवीन, देवहा, कामन और गौला नदी सहित सभी नदियों की स्थिति सामान्य बनी हुई है। वहीं मुख्य शारदा नहर का जलस्तर भी निगरानी में है और सामान्य श्रेणी में दर्ज किया गया है।

जनपद के सभी प्रमुख जलाशयों—बेगुल, नानक सागर, शारदा सागर, बौर, हरिपुरा, तुमड़िया और धौरा—का जलस्तर भी सामान्य सीमा के भीतर है। किसी भी जलाशय से असामान्य जल निकासी की आवश्यकता नहीं पड़ी है।
जिला आपदा परिचालन केंद्र ने बताया कि फिलहाल जनपद में सड़क, संचार, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा किसी प्रकार की आपदा या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन लगातार मौसम और जलस्तर की निगरानी कर रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
