पंतनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव सशक्त होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में सहकार भारती उत्तराखंड द्वारा आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे। तीन दिवसीय एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सहकारिता को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सहकारिता को ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य में पलायन रोकने, पर्वतीय कृषि को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में सहकारिता प्रभावी माध्यम बन सकती है। पैक्स को बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम और प्रभावी बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एम-पैक्स को प्रभावी बनाने के लिए कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व जरूरी है। इसी उद्देश्य से नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रशिक्षण केवल जानकारी बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व को नई सोच और कार्यदृष्टि देने का भी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि सहकारिता का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक व्यक्ति विकास की प्रक्रिया में सहभागी बने। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि सहकार भारती किसानों के लिए समर्पित संस्था है और उसका उद्देश्य सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान सहकार ग्रंथ स्मारिका और सोशल मीडिया रील का विमोचन, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ लिमिटेड का अनावरण तथा नई सहकारिता नीति का लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेंद्र कुमार कश्यप, सचिव सहकारिता डॉ. अहमद इकबाल, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित डॉ. बृजेश, डॉ. दिनेश कुमार सिंह एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
